September 9, 2026

नयागांव में बाढ़ पीड़ित पानी के लिए तरस रहे, तीन दिन बाद भी नहीं शुरू हुई जलापूर्ति

1 min read
नयागांव में बाढ़ पीड़ित पानी के लिए तरस रहे, तीन दिन बाद भी नहीं शुरू हुई जलापूर्ति
Spread the love

चित्रकूट – मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद नयागांव क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद लोगों के घरों में भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा जमा हो गया है, जिसे साफ करने के लिए लोग लगातार जद्दोजहद कर रहे हैं। लेकिन साफ-सफाई के लिए पानी न मिलने से बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
नयागांव के वार्ड क्रमांक 5 और 6 में अब तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ के बाद से पानी की सप्लाई बंद है, जिससे घरों की साफ-सफाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानी हो रही है।
बताया गया कि बीते दिनों मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने पाइपलाइन टूटने के कारण जलापूर्ति बाधित होने की बात कही थी और स्थानीय बोरवेल के माध्यम से करीब एक घंटे में पानी की सप्लाई शुरू कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी वार्डों में जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
आशीष मिश्रा और मोहन सोनी ने जानकारी देते हुए बताया है कि बोरवेल में स्टार्टर की व्यवस्था नहीं होने के कारण भी पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बोरवेल की आवश्यक व्यवस्था ही पूरी नहीं है तो जलापूर्ति आखिर कैसे शुरू होगी।
प्रशासन की इस लापरवाही से बाढ़ प्रभावित लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक ओर वे अपने घरों से बाढ़ का मलबा निकालने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर पानी के अभाव में साफ-सफाई का काम प्रभावित हो रहा है।
अब बाढ़ पीड़ितों का सवाल है कि आखिर उन्हें नियमित रूप से पानी की सुविधा कब तक मिल सकेगी?

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *