बाढ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास के कार्य तेज किये जायें-कलेक्टर
1 min read
चित्रकूट में समय-सीमा प्रकरणों की बैठक
चित्रकूट – चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ और जिले में अतिवृष्टि तथा बाढ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और जनसुविधाओं की बहाली के कार्य में और भी तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने प्रत्येक सोमवार होने वाली समय-सीमा प्रकरणों की बैठक इस बार चित्रकूट के नगर पंचायत के सभाकक्ष में ली। कलेक्टर ने बाढ प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत, सडक, पुल-पुलियों के रि-स्टोरेशन की कार्यवाहियों की जानकारी ली। उन्होंने बाढ प्रभावितों को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत स्वीकृत की गई सहायता राशि के शीघ्र वितरण का कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि चित्रकूट नगर पंचायत के बाढ प्रभावित क्षेत्रों में सभी प्रभावितों को राहत सामग्री के किट और पैकेट प्रदान कर दिये गये है। जिला अधिकारी अपने आवंटित वार्डो के घर-घर जाकर इसका सत्यापन करें और जो परिवार वंचित रह गये हैं उन्हें अपने साथ ले जाई गई सामग्री का वितरण करें। उन्होंने कहा कि बाढ प्रभावितों के घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करें और संवेदना के साथ उनकी समस्याओं को सुने तथा निराकरण के प्रयास भी करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी आवंटित वार्डो के प्रभारी जिला अधिकारी सायं 4 बजे वार्ड के सभी घरों का संपर्क कर उन्हें पहुंचाई गई राहत सामग्री और उनकी समस्याओं के बारे में फीडबैक प्रस्तुत करेंगे। सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि भ्रमण के दौरान परिवारों को बताये कि सभी प्रभावितों का नुकसानी का सर्वे कर सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई है। जिसे उनके आधार लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया गया है। जिन प्रभावितों के आधार कार्ड खराब हो गए है या बह गए है। उनके आधार कार्ड एवं अन्य कागजात पुनः बनाये जायेंगे। अपर कलेक्टर विकास सिंह ने बताया कि सभी प्रभावितों परिवारों को उनके नुकसानी सर्वे के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के नियमानुसार आर्थिक सहायता स्वीकृत कर बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इसके अलावा जिन दुकानदारों या व्यवसायियों के सामग्री अथवा दुकान का सामान बाढ के पानी से खराब हो गए है। उन्हें बीमा के प्रकरण सेटल करने और दुकानदारों को रोजगार पुनः स्थापित करने के लिए बैंक लोन प्रदान करने बैंकर्स के शिविर भी चित्रकूट में लगाये जा रहे है। इसके अलावा चित्रकूट के बाढ प्रभावितों के सहायता के लिए सामाजिक संगठनों, समाज सेवियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों द्वारा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई सहायता सामग्री तिरपाल, राशन, चावल, तेल, साबुन, तौलिया, बच्चों और महिला, पुरूषों के कपडे, कंबल, खाद्यान्न सामग्री भी वनोपज संघ के गोदाम चित्रकूट से व्यवस्थित रूप से वितरण कराया जा रहा है। जिन परिवारों के घर में बाढ का पानी प्रवेश करने से सामग्री क्षति हुई है। ऐसे परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अनुसार 50 किलो गेहूं या चावल भी वितरित किया जा रहा है। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त नागार्जुन बी. गौडा, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया, सीएमओ अंकित सोनी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
