September 1, 2026

खेल के मैदान के सितारों को मिला सम्मान, 76 प्रतिभाएं सम्मानित

1 min read
खेल के मैदान के सितारों को मिला सम्मान, 76 प्रतिभाएं सम्मानित
Spread the love


जौनपुर – राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद की उभरती और स्थापित खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन जौनपुर की ओर से इस सम्मान समारोह का आयोजन मछलीशहर कस्बा स्थित सिद्धेश्वर उपवन में किया गया। समारोह में एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, शूटिंग, बैडमिंटन और किक बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय, राज्य, मंडल एवं विश्वविद्यालय स्तर पर पदक हासिल करने वाले 76 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण एशियाई खेलों में हैमर थ्रो स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता और पांच बार के राष्ट्रीय चैंपियन प्रमोद तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और संघर्ष जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने का आह्वान किया। साथ ही जिले में खेल का बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक सहभागिता को भी जरूरी बताया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करने तक सीमित न रहकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने और समाज में उनकी पहचान स्थापित करने पर जोर दिया गया। आयोजन में जाने-माने जेवलिन थ्रोअर रोहित यादव के पिता तथा मैराथन धावक सभाजीत यादव समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
इस आयोजन को आकार देने में मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन जौनपुर के अजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अजित यादव ने खेल प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने और उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान दिलाने की पहल की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सम्मान और पहचान मिलने से युवाओं में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। हमारा उद्देश्य केवल पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर पहचान दिलाकर उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
समारोह में वरिष्ठ नेता विकेश कुमार उपाध्याय, जिला कबड्डी संघ के सचिव रवि चंद्र यादव, शेष बहादुर मौर्य, सिकंदर, प्रकाश, संतोष, कमलेश, जिलाजीत, विनय, जितेंद्र, कुंवर सिद्धार्थ आदि ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि जौनपुर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित संसाधन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है।

अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed