सड़क नहीं, तालाब बना मोहल्ला
1 min read
घरों में भरा पानी, लोगों की जान पर बनी आफत
चित्रकूट – नगर परिषद चित्रकूट के वार्ड क्रमांक 01 स्थित कामता बस्ती में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पिछले कई महीनों से घरों के सामने पानी भरा हुआ है। लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अब पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है, जिससे रहवासियों के सामने भारी परेशानी खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से मुख्य नगर परिषद अधिकारी अंकित सोनी पूरी तरह अवगत हैं। कई बार शिकायत और ध्यानाकर्षण कराने के बावजूद अब तक पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। बताया जाता है कि इस मामले को लेकर सतना कलेक्टर भी नगर परिषद के अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
स्थानीय निवासी जीतू पाण्डेय ने बताया कि वे लगातार नगर परिषद अधिकारियों को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका यह भी कहना है अभी थोड़ी सी बारिश में ही हमारे घरों में पानी भर गया है। यदि तेज बारिश हुई तो घर गिरने की नवाबत आ जाएगी। ऐसे में हमारा परिवार कहाँ जाएगा?”


रहवासियों का आरोप है कि कई महीनों से चली आ रही इस गंभीर समस्या के बावजूद नगर परिषद अधिकारी आंखें बंद कर के बैठे हुए है। लोगों ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
