प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 10 बजे से होगी अनिवार्य जनसुनवाई
1 min read
कलेक्टर ने जारी किए आदेश
सतना – आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश में निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाए। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अनुविभाग स्तर पर पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सतना को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारियों के साथ प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने कार्यालय के मीटिंग हॉल में उपस्थित रहकर जनसुनवाई आयोजित करें। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
