प्राथमिक विद्यालय में बड़ी लापरवाही, कक्षा 1 के छात्र को स्कूल में बंद कर घर चले गए शिक्षक
1 min read
जौनपुर – जिले के परियावा बनपुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित दोनों शिक्षक छुट्टी के बाद कक्षा 1 के एक छात्र को स्कूल के अंदर ही छोड़कर ताला लगाकर घर चले गए।
जानकारी के अनुसार, छात्र प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को पढ़ने के लिए विद्यालय गया था। छुट्टी होने के काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों से पूछताछ के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद परिजन विद्यालय पहुंचे, जहां बंद स्कूल के भीतर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि छात्र कक्षा के अंदर बंद है। सूचना मिलने पर शिक्षक वापस विद्यालय पहुंचे और ताला खोलकर बच्चे को बाहर निकाला। लगभग दो घंटे तक बच्चा स्कूल के अंदर बंद रहने से डरा-सहमा हुआ था।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बच्चे का पता नहीं चलता, तो कोई गंभीर हादसा भी हो सकता था। उन्होंने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर कुमार ने घटना की जानकारी मिलने पर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
