जिलाधिकारी चित्रकूट ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर्यटन विकास कार्यों का किया निरीक्षण
1 min read
चित्रकूट उप्र – परियोजना के अंतर्गत कामदगिरि परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, फेंसिंग कार्य, साइनेज स्थापना, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम एवं विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न अवस्थापना विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग में लगाए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता की जांच हेतु स्वयं पत्थरों को उखड़वाकर उनके बेस का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण कार्यों के दौरान कुछ स्थानों पर पत्थर क्षतिग्रस्त एवं टूटे हुए हैं। उन्होंने ऐसे सभी पत्थरों को तत्काल हटाकर उनके स्थान पर नए एवं मानक अनुरूप पत्थर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दो माह के भीतर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन लगभग 200 मीटर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

प्रगति की सतत निगरानी हेतु जिलाधिकारी ने एक समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रतिदिन कार्य की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ एवं स्थल की स्थिति साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
भारत विमर्श चित्रकूट उत्तर प्रदेश।
