सर्वर फेल, परीक्षाएं रद्द, अभ्यर्थियो का बढ़ा आक्रोश ,किया प्रदर्शन
1 min read
सतना – रविवार को वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए सतना के आदित्य कॉलेज परीक्षा को केंद्र बनाया गया था। जहां तीन घंटे इंतजार के बाद परीक्षा रद्द होने की जानकारी दी गई जिससे हंगामा मच गया। तकनीकी खामी और सर्वर समस्या के कारण द्वितीय पाली की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। लगभग तीन घंटे तक परीक्षा कक्ष में बैठे रहने के बाद अभ्यर्थियों को बताया गया कि परीक्षा रद्द कर दी गई है। इस सूचना के बाद परीक्षार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
अभ्यर्थी कॉलेज से पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट,बैठे धरने पर,दिया ज्ञापन
परीक्षा रद्द होने से नाराज अभ्यर्थी एनएसयूआई के प्रदेश सचिव आनंद पाण्डेय के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडय़िा, एलआर जांगड़े, सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार सौरभ द्विवेदी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्रों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा में हुई अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा अभ्यर्थियों को हुई आर्थिक एवं मानसिक क्षति की भरपाई की मांग की। प्रशासन ने मामले को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
परीक्षा प्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और व्यवस्थागत तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कई वर्षों में नीट परीक्षा को लेकर पेपर लीक, परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्था और तकनीकी खामियों को लेकर देशभर में विवाद सामने आते रहे हैं। यह घटना भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जहां लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी परीक्षाएं पर्याप्त तकनीकी तैयारी के अभाव में प्रभावित हो रही हैं।


हालांकि कर्मचारी चयन मंडल ने तकनीकी खराबी को कारण बताते हुए रद्द परीक्षा की नई तिथि 20 जून घोषित कर दी है, लेकिन छात्रों का कहना है कि दोबारा परीक्षा लेने भर से उनके समय, धन और मानसिक तनाव की भरपाई नहीं हो सकती। अभ्यर्थियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत सतना मध्य प्रदेश।
