मध्यप्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प की ब्रांड एम्बेसडर मीनाक्षी सिंह का सतना में भव्य स्वागत
1 min read
प्रथम सतना आगमन पर रेलवे स्टेशन में हुआ जोरदार स्वागत, विंध्य की प्रतिभा के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब
सतना – मध्यप्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प की ब्रांड एम्बेसडर सुश्री मीनाक्षी सिंह के प्रथम सतना आगमन पर रेलवे स्टेशन में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। रेवांचल एक्सप्रेस से प्रातः 6 बजे सतना पहुंचीं मीनाक्षी सिंह के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधि, शुभचिंतक एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण के साथ उनका अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें विंध्य क्षेत्र की गौरवशाली प्रतिभा बताते हुए उनकी उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया। रेलवे स्टेशन परिसर में स्वागत के दौरान उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। मीनाक्षी सिंह को मध्यप्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प की ब्रांड एम्बेसडर बनाए जाने को प्रदेश के साथ-साथ पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश के पारंपरिक हथकरघा उत्पादों, हस्तशिल्प कला और स्थानीय कारीगरों को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मूलतः विंध्य अंचल से जुड़ी मीनाक्षी सिंह ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर यह विशेष उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का मार्गदर्शन और सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। उनके पिता श्री सत्यभान सिंह जी एवं माता श्रीमती कीर्ति सिंह जी ने सदैव उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने एक बड़ी उपलब्धि के रूप में दिखाई दे रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मीनाक्षी सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। स्वागत कार्यक्रम का आयोजन विंध्य केयर फाउंडेशन, सतना के तत्वावधान में किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि विंध्य की प्रतिभाओं का सम्मान करना और उनका उत्साहवर्धन करना समाज का दायित्व है। इसी उद्देश्य से मीनाक्षी सिंह के प्रथम सतना आगमन पर यह विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सुश्री मीनाक्षी सिंह को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी मध्यप्रदेश की समृद्ध हथकरघा एवं हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा विंध्य क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करती रहेंगी।


अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
