July 30, 2026

कीर्ति बैले एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स द्वारा “एक्टिंग एवं कंटेम्प्रेरी वर्कशॉप” का आयोजन

1 min read
कीर्ति बैले एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स द्वारा “एक्टिंग एवं कंटेम्प्रेरी वर्कशॉप” का आयोजन
Spread the love

रंगकर्मी एवं समकालीन नृत्यांगना श्रद्धा शालिनी मालवीय भोपाल के युवाओं को सिखाएंगी आज से एक्टिंग

भोपाल – शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था कीर्ति बैले एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स द्वारा दिनांक 15 मई से 25 मई 2026 तक “एक्टिंग एवं कंटेम्प्रेरी वर्कशॉप” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला मायाराम सुरजन स्मृति भवन में प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगी। कार्यशाला में अभिनय, शारीरिक अभिव्यक्ति, समकालीन नृत्य, मंचीय प्रस्तुति तथा थिएटर की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए किसी आयु सीमा का निर्धारण नहीं किया गया है तथा प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।

इस विशेष कार्यशाला का निर्देशन एवं संचालन सुप्रसिद्ध रंगकर्मी, छऊ एवं समकालीन नृत्यांगना शालिनी मालवीय द्वारा किया जाएगा। शालिनी मालवीय ने हैदराबाद विश्वविद्यालय से थिएटर आर्ट्स में अभिनय विषय में विशेषज्ञता के साथ स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है तथा वे वर्तमान में रंगमंच और भारतीय सिनेमा में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने अनेक चर्चित नाटकों एवं बैले प्रस्तुतियों में अभिनय और प्रदर्शन किया है तथा देश के कई प्रतिष्ठित निर्देशकों के साथ कार्य कर चुकी हैं।

शालिनी मालवीय रंगमंच को अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम मानती हैं, जो मानवीय संवेदनाओं, परंपराओं और समकालीन जीवन को जोड़ने का कार्य करता है। उनके निर्देशन में आयोजित यह कार्यशाला प्रतिभागियों को अभिनय एवं समकालीन नृत्य की तकनीकों के साथ-साथ आत्मविश्वास, शारीरिक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।

संस्था के सचिव एवं कोरियोग्राफर चंद्र माधव बारिक ने शहर के युवाओं, कला प्रेमियों एवं इच्छुक प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

भरात विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *