चित्रकूट स्थित प्रसिद्ध सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के हॉस्टल में छात्रा ने की खुदकुशी।मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी पुलिस
1 min read
चित्रकूट – प्रसिद्ध सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के हॉस्टल में बुधवार की सुबह BT (विजन टेक्नीशियन) की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे सद्गुरु प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए शव को ले जाया गया। जानकारी के अनुसार विजन टेक्नीशियन की छात्रा कीर्ति तिवारी ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा मऊगंज जिले की निवासी थी और जानकीकुंड स्थित सदगुरु चिकित्सालय में प्रशिक्षण ले रही थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी। उसके कमरे से दवाइयों से संबंधित पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अपनी बीमारी से परेशान थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया है।
सूचना के अनुसार, छात्रा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसके नाना-नानी को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटना हॉस्टल परिसर में कैसे हो गई और किसी को समय रहते इसकी भनक क्यों नहीं लगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।
पेपर देने नहीं गई
बताया गया है कि आज होस्टल में रह रही छात्राओं का पेपर था। करीब साढ़े आठ बजे सभी छात्राएं चली गई, लेकिन कीर्ति तिवारी बीमार होने की बात कहकर पेपर देने नहीं गई। इसी बीच करीब साढ़े 9 बजे कुछ छात्राओं ने उसकी लाश फांसी के फंदे से लटकी देखी। जिसकी सूचना सद्गुरु प्रबंधन को दी गई,उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश
