पता पूछने के बहाने युवक को पीटकर किया लहूलुहान, तीन बाइक सवार बदमाशों की तलाश
1 min read
जौनपुर – सिकरारा थाना क्षेत्र में जौनपुर–प्रयागराज मार्ग पर शुक्रवार रात एक युवक को रोककर बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के पोखरियापुर गांव निवासी अनुज यादव उर्फ अन्नू नगर पालिका परिषद जौनपुर में कार्यरत हैं। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर जौनपुर–प्रयागराज मार्ग से बाइक से अकेले अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोधापुर मोड़ के पास तीन युवक बाइक से पहुंचे और पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान ही तीनों युवकों ने अचानक अनुज पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे, जिससे वह घायल हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश
