चित्रकूट में आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजितउच्च शिक्षा मंत्री हुए शामिल
1 min read
सतना – मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार रविवार को चित्रकूट स्थित उद्यमिता विद्यापीठ में राज्य आनंदम संस्थान द्वारा आयोजित आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों को संबोधित किया और समाज में सकारात्मकता, सेवा भावना तथा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में आनंदम अभियान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मंत्री श्री परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित आनंदम कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में परोपकार, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आनंदम सहयोगी समाज के विभिन्न वर्गों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक पहल को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा के भाव को मजबूत करने की प्रेरणा दी जा रही है।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि समाज में खुशहाली और संतोष की भावना तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के लोगों की मदद और सहयोग के लिए आगे आए। उन्होंने प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को समाज के बीच ले जाकर जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विधायक चित्रकूट श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार, रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, कुलगुरू महात्मा गांधी चित्रकूट विष्वविद्यालय श्री आलोक चौबे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षक और विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।


जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश
