चित्रकूट में छात्राओं से मालिश कराती दिखीं प्रधानाध्यापिका, वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश।
1 min read
चित्रकूट उप्र– प्रदेश सरकार जहां एक ओर परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं जनपद चित्रकूट के एक प्राथमिक विद्यालय से सामने आए मामले ने शिक्षा विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से कथित तौर पर प्रधानाध्यापिका द्वारा मालिश कराने का मामला सामने आया है।
मामला प्राथमिक विद्यालय नया बाजार भाग-1 का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार लंबे समय से स्थानीय लोगों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि विद्यालय में शिक्षण कार्य के बजाय छात्राओं से अन्य कार्य कराए जाते हैं। जब इस संबंध में पड़ताल की गई तो कथित रूप से कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी राय छात्राओं से मालिश कराती हुई नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह स्थिति काफी समय से चल रही थी। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय इसलिए भेजते हैं ताकि उनका बौद्धिक विकास हो सके, लेकिन यदि विद्यालयों में शिक्षण कार्य के बजाय इस प्रकार की गतिविधियां होंगी तो बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। गौरतलब है कि संबंधित विद्यालय के पास ही खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय भी स्थित है, जिसके कारण यह सवाल भी उठ रहा है कि इतनी लंबे समय से चल रही गतिविधियों की जानकारी विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं हो पाई। इस संबंध में जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी पहले नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने मांग की है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हो सकें और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे।


भारत विमर्श चित्रकूट उत्तर प्रदेश
