October 31, 2026

जौनपुर में थम नहीं रहा मौत का सिलसिला, खेतासराय में कथित डॉक्टर का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप

1 min read
जौनपुर में थम नहीं रहा मौत का सिलसिला, खेतासराय में कथित डॉक्टर का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप
Spread the love

जौनपुर – जौनपुर जिले में इन दिनों मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी चाइनीज मंझे से लोगों की जान जा रही है तो कभी बेखौफ बदमाशों का खौफ आम जनता में दहशत पैदा कर रहा है। ताजा मामला खेतासराय थाना क्षेत्र के बरजी गांव से सामने आया है, जहां शुक्रवार सुबह एक तथाकथित डॉक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के सामने बाउंड्री गेट पर लटका हुआ मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरजी गांव निवासी 28 वर्षीय सुनील राजभर पुत्र सुरेश राजभर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनील गांव में ही एक डिस्पेंसरी चलाता था। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात किसी मरीज के परिजन का फोन आने पर वह डिस्पेंसरी जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों का कहना है कि देर रात तक सुनील के घर न लौटने पर उन्होंने यही समझा कि मरीज की हालत गंभीर होगी, इसलिए घर आने में देर हो रही है। इसी सोच के साथ परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। लेकिन शुक्रवार सुबह जब घर के सदस्य जागे तो सामने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सुनील का शव घर के सामने बने बाउंड्री गेट पर गमछे के सहारे लटकता हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और कुछ ही देर में गांव के लोग मौके पर जुट गए। पूरे बरजी गांव में मातम और भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि, परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि सुनील की हत्या की गई है और शव को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों का कहना है कि सुनील का किसी से कोई विवाद नहीं था, ऐसे में आत्महत्या की बात गले नहीं उतरती।
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
वहीं, घटना के बाद गांव में यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर जौनपुर में लोगों की जान इतनी सस्ती क्यों होती जा रही है? अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह आत्महत्या है या फिर एक सोची-समझी हत्या इसका सच कब और कैसे सामने आएगा?

अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.