मुकुन्दपुर जू में 20 वर्षीय वयोवृद्ध मादा तेंदुए की मृत्यु, किया गया अंतिम संस्कार
1 min read
सतना – महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू मुकुन्दपुर में लंबे समय से रह रही एक 20 वर्षीय मादा तेंदुआ (पन्ना) की शुक्रवार, 2 जनवरी 2026 की सुबह इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मादा तेंदुए को 12 दिसंबर 2020 को दक्षिण पन्ना वनमण्डल के मोहन्द्रा परिक्षेत्र (बीट जमुन्हा) से रेस्क्यू कर मुकुन्दपुर लाया गया था। केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण नई दिल्ली ने 4 मार्च 2025 को इसे स्थायी रूप से मुकुन्दपुर जू में रखने की आधिकारिक अनुमति प्रदान की थी। जू प्रबंधन के अनुसार लगभग 20 वर्ष की हो चुकी इस वयोवृद्ध मादा तेंदुए का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से लगातार गिर रहा था। वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. नितिन गुप्ता की देखरेख में उसका निरंतर उपचार और निगरानी की जा रही थी, लेकिन वृद्धावस्था के कारण उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। अंततः 2 जनवरी 2026 को सुबह 6.48 बजे उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
चिकित्सकीय दल द्वारा किए गए शव परीक्षण में मृत्यु का प्रारंभिक कारण वृद्धावस्था पाया गया है। विस्तृत जांच के लिए विसरा और अंगों के नमूने स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक हेल्थ, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर भेजे गए हैं। शव परीक्षण के पश्चात मुख्य वन संरक्षक वनवृत्त रीवा एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में वन्यजीव नियमों के अनुसार मादा तेंदुए का अंतिम संस्कार (शवदाह) संपन्न किया गया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश
