October 30, 2026

मिलावट की आशंका: 7 रेस्टोरेंट में जांच, 8 सैम्पल लिए, 4 घरेलू सिलेण्डर जब्त

1 min read
Spread the love

सतना – दीपावली के पहले मिलावट की आशंका पर चित्रकूट में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग और नाप-तौल विभाग की संयुक्त टीम ने भगवान श्रीराम की तपोभूमि में 7 रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के दरमियान दो रेस्टोरेंट में एलपीजी के घरेलू सिलेण्डरों का इस्तेमाल पाया गया जिसे खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जब्त कर लिया। जानकारों ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर की गई है। गौरतलब है कि दीपावली पर्व के मौके पर चित्रकूट में 5 दिवसीय मेला लगता है जिसमें देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी आशंका के मद्देनजर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं।
दल में कौन रहा शामिल
टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़, शीतल सिंह, अशोक कुर्मी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भागवत द्विवेदी, बृजेश पांडेय, अभिषेक उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह एवं नापतौल इंस्पेक्टर दीपक गोंड समेत अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया था। टीम ने जांच की शुरुआत श्रीधर धाम दास हनुमान रेस्टोरेंट से की। इस रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेण्डरों का उपयोग पाया गया, जिस पर 3 सिलेण्डर को जब्त कर लिया गया। इलेक्ट्रानिक तराजू में सील नहीं होने से उसे जब्त किया गया जबकि एफएसओ ने यहां पापड़ का नमूना लिया।
*मिला बासी भोज्य पदार्थ, नष्ट कराया*
प्रांशू डेयरी में भी घरेलू सिलेण्डर का इस्तेमाल हो रहा था। टीम ने एलपीजी सिलेण्डर जब्त करते हुए घी, पनीर, दूध, दही के सैम्पल लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी संचालक को शोकॉज नोटिस दिया। निरीक्षण के दरमियान रिवर फ्रंट रिसॉर्ट की रसोई में कई अनियमिताताएं पाई गईं। यहां न तो कीट प्रबंधन था जिससे कुछ खाद्य पदार्थों में कीड़े तैर रहे थे। रेस्टोरेंट में बासी भोज्य पदार्थ भी पाया गया जिसे नष्ट कराया गया। यहां फूड सेफ्टी ऑफिसर्स ने पनीर, रेड चिली सॉस और गेहूं के आटे का नमूना लिया।
कलेक्टर डॉ.सतीश कुमार एस ने बताया कि दीपावली एवं त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। उपभोक्ता स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रमाणित खाद्य सामग्री ही खरीदें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या मिलावट की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.