December 7, 2025

कमिश्नर और जिले के अधिकारी सुमंगल साइकिल दिवस पर साइकिल से पहुंचे कार्यालय

1 min read
Spread the love

सतना – रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद की पहल पर 12 अगस्त को भी सुमंगल साइकिल दिवस मनाया गया। कमिश्नर श्री जामोद तथा अन्य अधिकारी सुबह तिरंगा साइकिल यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद संभाग और जिला स्तर के अधिकारी तथा अधिकांश कर्मचारी साइकिल से कार्यालय पहुंचे। पर्यावरण की सुरक्षा, ईंधन की बचत और शरीर तथा मन को स्वस्थ रखने की इस पहल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़चढ़ कर भागीदारी निभाई। सभी संभागीय अधिकारी सुबह 10.45 बजे कमिश्नर आवास पर एकत्रित होकर साइकिल चलाते हुए संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए कमिश्नर कार्यालय पहुंचे।
संभाग के सीधी जिले में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंशुमन राज, एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा अन्य अधिकारियों के साथ साइकिल चलाते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी उनका अनुसरण किया। सतना जिले में कलेक्टर सतीश कुमार एस तथा पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता तिरंगा साइकिल रैली में शामिल हुए। पुलिस परेड मैदान से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक तिरंगा साइकिल रैली आयोजित की गई। इसमें जिला स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी भी शामिल रहे। मैहर जिले में बारिश के फलस्वरूप कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह और एसडीएम विकास सिंह बैटरी चलित ई-रिक्शा में बैठकर अपने निवास से कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। रीवा में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा सहायक कलेक्टर सृष्टि जायसवाल ने शासकीय वाहन के स्थान पर ई रिक्शा से कार्यालय पहुंची। जेल अधीक्षक सतीश उपाध्याय भी ई रिक्शा का उपयोग करते हुए सेंट्रल जेल तथा कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर साइकिल से जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। कई अधिकारी और कर्मचारी ई स्कूटी, ई रिक्शा और पैदल चलते हुए कार्यालय पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए चलाए जा रहे सुमंगल साइकिल अभियान में संभाग भर के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *