October 17, 2026

लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, चारो तरफ मची अफरा तफरी

1 min read
Spread the love

नई दिल्ली – संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है. लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से कूद गए. ये दोनों शख्स एक बेंच से दूसरे बेंच पर भागने लगे. तभी एक शख्स ने जूते से निकालकर कोई पीले रंग की गैस स्प्रे कर दी. कार्यवाही में मौजूद सांसदों के मुताबिक, दोनों युवकों के हाथ में टियर गैस कनस्तर था. हालांकि, इन्हें सांसदों ने पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया. लोकसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि जो दो लोग कार्यवाही के दौरान घुसे, उनमें एक का नाम सागर है. दोनों सांसद के नाम पर लोकसभा विजिटर पास पर आए थे. सांसद दानिश अली ने बताया कि दोनों लोग मैसूर से बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के नाम पर लोकसभा विजिटर पास से आए थे।
जब ये सुरक्षा में चूक हुई, तब बीजेपी सांसद राजेंद्र अग्रवाल स्पीकर की चेयर पर थे. उन्होंने कहा, निश्चित रूप से कोई खामी है. जब पहला व्यक्ति नीचे आया तो हमें लगा कि वह गिर गया होगा, लेकिन जब दूसरा व्यक्ति नीचे आने लगा तो हम सभी सतर्क हो गए. शख्स ने अपना जूता खोलकर कुछ बाहर निकालने की कोशिश की जिसके बाद धुआं निकला. इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. स्पीकर और जिम्मेदार लोग इस पर फैसला लेंगे. जब यह सब हुआ तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सदन में पहुंचे थे।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, जब शून्यकाल चल रहा था, दो युवक दर्शक गैलरी से कूदे और उनके द्वारा कुछ फेंका गया, जिससे गैस निकल रही थी. उन्हें सांसदों ने पकड़ लिया, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला. सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है क्योंकि आज हम उन लोगों की पुण्य तिथि मना रहे हैं, जिन्होंने 2001 में अपने प्राणों की आहुति दी थी।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, अचानक करीब 20 साल के दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद पड़े और उनके हाथ में कनस्तर थे. इन कनस्तर से पीला धुआं निकल रहा था. उनमें से एक अध्यक्ष की कुर्सी की ओर भागने का प्रयास कर रहा था. वे कुछ नारे लगा रहे थे. धुआं जहरीला हो सकता था. यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.