February 11, 2026

विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के नए सीएम होंगे

1 min read
Spread the love

रायपुर – छत्तीसगढ़ में अगला सीएम कौन होगा, इस पर सस्पेंस खत्म हो गया है। 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आए इसके बाद बीजेपी नेतृत्व ने नए सीएम का ऐलान कर दिया। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी विष्णु देव साय को सौंपने का फैसला किया है। आज रायपुर में विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी जिसमें विधायकों संग बात की गई। इसी के बाद विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लगी। बैठक में आलाकमान से तय किए गए तीनों पर्यवेक्षक भी शामिल थे।
राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला था और 90 सीटों वाली विधानसभा में उसके 54 उम्मीदवार विजयी हुए थे। उसके बाद से ही राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी चर्चाएं चरम पर थीं। इसी को लेकर सोमवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सीएम पद के लिए विष्णु देव साय को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया।

बीजेपी ने खेला आदिवासी कार्ड
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित मुख्यमंत्री चयन के लिए तय की गए तीन सदस्य रायपुर पहुंचे और उन्होंने विधायकों से एक-एक कर बातचीत करने के बाद बैठक भी की। पर्यवेक्षकों और विधायकों की बैठक के बाद विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुआ है। बीजेपी ने राज्य में बड़ा आदिवासी कार्ड खेला है। विष्णु देव राज्य के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कई बड़ी जिम्मेदारियां का निर्वहन कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के नए सीएम का चुनाव करने से पहले विधायक दल की रायपुर में बैठक हुई। इसमें पार्टी के तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल और पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम बैठक में मौजूद रहे। पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और राज्य के लिए पार्टी के सह-प्रभारी नितिन नवीन भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान विष्णु देव साय पर मुहर लगी।
यह पहले से अनुमान लगाया जा रहा था कि अगर पार्टी 2003 से 2018 तक तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके रमन सिंह को नहीं चुनेगी तो वह किसी OBC या आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी। इसी के तहत साय पर मुहर लगी। वो प्रदेश में बीजेपी के बड़े आदिवासी चेहरे हैं। सीएम पद की रेस में आदिवासी समुदाय से आने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय सबसे आगे माने जा रहे थे। वैसे सीएम दावेदारों की लिस्ट में केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देने वाली रेणुका सिंह भी थीं। राज्य के पूर्व मंत्री रामविचार नेताम और लता उसेंडी का भी नाम शामिल था।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *