May 6, 2024

बाढ़ पर केजरीवाल ने बताया आगे का प्लान

1 min read
Spread the love

नई दिल्ली – राजधानी दिल्ली में यमुना का पानी 204.5 मीटर के चेतावनी के स्तर को पार कर गया है। 8 और 9 जुलाई की रेकॉर्ड बारिश का जिक्र करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज कहा कि इतनी ज्यादा बारिश बर्दाश्त करने के लिए दिल्ली का सिस्टम डिजाइन नहीं है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज घोषणा की है कि यमुना के 206 मीटर के निशान को छूने पर नदी के आसपास के निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि विशेषज्ञों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ की स्थिति संभवत: पैदा नहीं होगी। मूसलाधार बारिश और यमुना के बढ़ते जल स्तर पर बैठक करने के बाद केजरीवाल ने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और इससे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, ‘अप्रत्याशित बारिश ने लोगों के लिए समस्या पैदा कर दी है और दिल्ली की प्रणाली इसे झेलने में सक्षम नहीं थी। बारिश के बाद हर साल कुछ इलाकों में पानी भर जाता है और कुछ ही घंटों में पानी निकल जाता है, लेकिन 153 मिलीमीटर बारिश अप्रत्याशित है। ऐसा करीब 40 साल पहले हुआ था।’
सीएम ने सोमवार दोपहर में कहा कि दिल्ली में बाढ़ के खतरे को दो फैक्टर से देखने की जरूरत है। पहला, दिल्ली में कितनी बारिश हो रही है। दूसरा, दिल्ली में बाढ़ का खतरा हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से यमुना में आ रहे पानी पर ज्यादा निर्भर करता है। हथिनी कुंड से यह पानी छोड़ा जाता है। सीएम ने कहा कि 1978 में एक बार बाढ़ आई थी जब 7 लाख क्यूसेक पानी हथिनी कुंड से छोड़ा गया था और 207.9 मीटर ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का स्तर हो गया था। उसके बाद 2013 में 8 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। तब 207.32 मीटर तक यमुना का लेवल पहुंचा लेकिन बाढ़ नहीं आई। 2019 में 8.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया और 206.6 मीटर के लेवल तक पानी पहुंचा लेकिन बाढ़ नहीं आई।
सीएम ने कहा कि कल सुबह 45 हजार क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया। कल रात में 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। उसके बाद पानी कम होना चालू हो गया। आज सुबह ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। हम CWC (केंद्रीय जल आयोग) के लगातार संपर्क में हैं। उनके हिसाब से अभी 203.5 मीटर तक लेवल पहुंचा है। कल सुबह 205.5 मीटर तक पहुंचेगा और वेदर की जो संभावना है उसके हिसाब से यमुना का लेवल बहुत ज्यादा बढ़ेगा और बाढ़ की स्थिति आएगी, ऐसा लगता नहीं हैं। एक्सपर्ट ऐसा कह रहे हैं। फिर भी अगर कुछ होता है तो हम तैयार हैं।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.