May 5, 2024

हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा खत्म,कल से पंजाब में शुरूआत

1 min read
Spread the love

नई दिल्ली – हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खत्म हो गई है। दो चरण में हुई यात्रा के दौरान राहुल गांधी 255 किलोमीटर चले। इनमें उन्होंने 7 जिले कवर किए। पहले चरण में नूंह, फरीदाबाद और गुरुग्राम को कवर किया। दूसरे चरण में यात्रा पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला गई। राहुल गांधी कुल 8 दिन हरियाणा में रहे। अब यात्रा पंजाब में प्रवेश कर रही है।

यात्रा अंतिम दिन अंबाला में रही। जहां फिल्म अभिनेता और कांग्रेस लीडर राज बब्बर भी साथ दिखे। राहुल गांधी को शाम को पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पैदल जाना था। हालांकि अचानक कार्यक्रम में बदलाव करते हुए राहुल गांधी अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंच गए।

जिसके बाद अब यात्रा व फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी मंगलवार सुबह होगी। वह पहले फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकेंगे। उसके बाद सरहिंद में फ्लैग एक्सचेंज होगा।

कांग्रेस प्रवक्ता बोले- हरियाणा में गड्‌ढों में सड़कें
यात्रा के अंतिम दिन अंबाला में प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि हरियाणा में सड़कों पर गड्‌ढे नहीं बल्कि गड्‌ढों में सड़कें हैं। जब पहले हम नूंह में गए तो कहा गया कि अंबाला-पानीपत आकर देखो, कितनी अच्छी सड़कें हैं। यहां आए तो गड्‌ढों में ही तारकोल व बिटुमिन दिख रहा है।

यह हरियाणा के नाम पर कलंक है। पहले केंद्र सरकार की मीटिंग होती थी तो सबको कहा जाता था कि हरियाणा की सड़कें देखो और अपने राज्य में ऐसे बनाओ। अब मध्यप्रदेश के बाद हरियाणा में सड़कों की बदतर स्थिति दिखी है। जयराम रमेश ने कहा कि मैं खुद इन पर चोटिल हो चुका हूं।

इससे पहले भिवानी के तोशाम से MLA किरण चौधरी को भी गड्‌ढों में चोट लग चुकी है। हरियाणा में हमें ठंड ही नहीं बल्कि सभी 7 जिलों में खराब सड़कों का भी सामना करना पड़ा।

गांधी परिवार कई बार आ चुका अंबाला
खास बात यह है कि राहुल गांधी पहली बार अंबाला पहुंचे। हालांकि, गांधी परिवार के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी वर्ष 1978, तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी वर्ष 1984 व 1991 में अंबाला लोकसभा और विधानसभा चुनाव में प्रचार कर चुके हैं। यही नहीं, वर्ष 2004 में सोनिया गांधी भी अंबाला कैंट के गांधी ग्राउंड में चुनाव प्रचार करने पहुंची थी।

भारत विमर्श भोपाल मध्यप्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.