प्रमोद वन में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं का इंतजार
1 min read
प्रकाश और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं, भोजन बनाने में हो रही परेशानी
चित्रकूट – दीपावली अमावस्या मेले को लेकर धर्मनगरी चित्रकूट में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। सीधी, सिंगरौली, रीवा सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु प्रमोद वन पहुंचकर पड़ाव डालने लगे हैं। लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं के अनुसार प्रमोद वन में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है और न ही पीने एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी की समुचित सुविधा उपलब्ध है। इसके चलते श्रद्धालुओं को भोजन बनाने सहित दैनिक कार्यों में काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं प्रमोद वन घाट की ओर जाने वाले पुराने हाथी गेट पर भी रोशनी की कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। इतना ही नहीं, मुख्य नगर परिषद अधिकारी के निवास के सामने भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है।
दीपावली मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो चुका है, तो प्रमोद वन जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव स्थल पर प्रकाश और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था अब तक क्यों नहीं की गई? नगर परिषद को तत्काल संज्ञान लेकर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त रोशनी और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
