नहीं दिखा चांद तो महिलाओं ने मोबाइल से ही व्रत तोड़ा
1 min read
जौनपुर, उप्र – करवा चौथ का त्योहार सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा। हालांकि, मौसम खराब होने के कारण जब रात में चंद्रमा के दर्शन नहीं हुए, तो कई महिलाओं ने मोबाइल फोन पर चंद्रमा की तस्वीर देखकर अपना व्रत खोला।
करवा चौथ का व्रत हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। इस दिन विवाहित महिलाएं सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक बिना कुछ खाए-पिए उपवास करती हैं। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद चंद्रमा के निकलने का इंतजार करती हैं।
परंपरा के अनुसार, चंद्रमा के दर्शन होने पर महिलाएं छलनी से पहले चंद्रमा और फिर अपने पति का चेहरा देखती हैं। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति की आरती उतारती हैं और पति के हाथों से पानी पीकर व मिठाई खाकर व्रत का पारण करती हैं।
लेकिन इस बार मौसम खराब होने के कारण कई महिलाओं को चंद्रमा के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं हो सके। ऐसे में कुछ महिलाओं ने मोबाइल फोन पर चंद्रमा की तस्वीर देखकर पूजा की और अपना व्रत खोला। इस तरह परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिला।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
