सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग को संभालने के लिए समीक्षा जिलाधिकारी दिया निर्देश
1 min read
जौनपुर उप्र – जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने खराब रैंकिंग वाले विभागों को विशेष प्रयास कर सुधार लाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। जिन योजनाओं में भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है या खारे पानी की शिकायत मिली है, उनकी तहसीलवार रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
फैमिली आईडी योजना में खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जिला विकास अधिकारी को प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग कर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
पीएम सूर्य घर, प्रधानमंत्री आवास योजना, शादी अनुदान समेत अन्य योजनाओं की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाने और लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा में खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदलने, बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और तारों व उपकरणों की जांच कराने को कहा गया। बिजली बिलों की त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ नरेंद्र बहादुर सिंह, सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम, पीडी डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
