की ऑफ़ लाइफ अकैडमी में कराते कलर बेल्ट एग्जाम संपन्न, 92 खिलाड़ियों ने दी परीक्षा
1 min read
सतना – शहर की अग्रणी मार्शल आर्ट्स संस्था की ऑफ़ लाइफ अकैडमी में कराते कलर बेल्ट एग्जाम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में अकैडमी के 92 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और कराते तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा के दौरान बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला और सभी खिलाड़ियों ने पूरे जोश एवं समर्पण के साथ अपनी-अपनी बेल्ट परीक्षा दी।
कराते कलर बेल्ट एग्जाम में अकैडमी की दो शाखाओं – मुख्य शाखा धवारी एवं संत नगर बगहा शाखा के खिलाड़ियों ने भाग लिया। दोनों शाखाओं के बच्चों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और समर्पण से उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया। अकैडमी के डायरेक्टर सिहान भरत कुमार गुप्ता ने बताया कि बेल्ट एग्जाम में खिलाड़ियों का मूल्यांकन कराते की विभिन्न तकनीकों, बेसिक स्टांस, पंच, किक, ब्लॉक, काता, फाइटिंग स्किल, फिटनेस, अनुशासन और आत्मरक्षा से जुड़ी क्षमताओं के आधार पर किया गया। छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ खिलाड़ियों तक सभी ने अपने प्रदर्शन से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। एग्जाम में मेन एग्जामिनर सेंसाई लखन गुप्ता और सेंसाई विपिन गुप्ता रहे , उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन करते हुए उन्हें कराते के मूल सिद्धांतों – अनुशासन, सम्मान, धैर्य और निरंतर अभ्यास – को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बेल्ट परीक्षा केवल रंग बदलने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह बच्चों की मेहनत, लगन, तकनीकी दक्षता और मानसिक विकास की पहचान भी है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखीजा जी , अकैडमी के संरक्षक रवि शंकर गौरी भैया एवं अध्यक्ष अजय सोनी जी ,मनीष मिश्रा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए खेल और आत्मरक्षा प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। कराते जैसे खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, एकाग्रता, साहस, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कराते कलर बेल्ट एग्जाम के सफल आयोजन के बाद खिलाड़ियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने अकैडमी द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण और अनुशासित वातावरण की सराहना की।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
