July 17, 2026

इनरव्हील क्लब के ‘मधुर फुहार’ मेले का भव्य शुभारंभ

1 min read
इनरव्हील क्लब के 'मधुर फुहार' मेले का भव्य शुभारंभ
Spread the love

मुख्य अतिथि डॉ. स्वप्ना वर्मा ने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का किया आह्वान, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर

सतना – अंतर्राष्ट्रीय महिला सेवा संस्था इनरव्हील क्लब, सतना द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेला “मधुर फुहार” का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री डॉ. स्वप्ना वर्मा के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, स्टॉल धारकों से संवाद किया तथा महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना की।
अपने उद्बोधन में डॉ. स्वप्ना वर्मा ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तभी साकार होगी, जब हम सभी स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे। प्रत्येक परिवार यदि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेगा तो इससे न केवल छोटे उद्यमियों और महिला स्वरोजगार को मजबूती मिलेगी, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।” उन्होंने उपस्थित सभी बहनों से आग्रह किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन अधिकाधिक किए जाएं और उनमें केवल स्वदेशी वस्तुओं को ही प्रमुखता देकर समाज को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मेले केवल खरीदारी का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम भी हैं। इससे स्थानीय कलाकारों, गृह उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

इनरव्हील क्लब सतना की प्रेसिडेंट सविता गोयल एवं नेहा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस दो दिवसीय मेले में सतना के साथ-साथ जैतवारा, कटनी, रीवा, नागौद और बनारस से आए लगभग 35 स्टॉल धारकों ने अपने आकर्षक एवं विविधतापूर्ण स्टॉल लगाए। मेले में महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, गृह सज्जा सामग्री, परिधान, आभूषण, खाद्य उत्पाद एवं अन्य स्वदेशी वस्तुएं लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में विनीता अग्रवाल एवं श्वेता अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन कमला अग्रवाल ने प्रभावी एवं सहज शैली में किया। समारोह में रोटरी परिवार के सदस्य, इनरव्हील क्लब की विभिन्न इकाइयों की प्रेसिडेंट, सेक्रेट्री, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना तथा स्वदेशी अपनाने के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता उत्पन्न करना है। मेले में आए लोगों ने भी स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में विशेष रुचि दिखाई।
कार्यक्रम की जानकारी एडिटर ममता श्रवण अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई। दो दिवसीय “मधुर फुहार” मेला शहरवासियों के लिए खरीदारी के साथ-साथ महिला उद्यमिता और “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का माध्यम बना।

अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *