चोरी करने गोदाम में घुसे चोर, एक वहीं सो गया
1 min read
सतना – खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को शनिवार रात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाश छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। उन्होंने एसी की आउटडोर यूनिट को क्षतिग्रस्त कर गोदाम में प्रवेश किया और वहां रखे टीवी, एसी, कूलर सहित कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के दौरान एक चोर अपने साथियों से पीछे रह गया। चोरी के बाद वह गोदाम के भीतर ही सो गया, जबकि उसके साथी चोरी का माल लेकर मौके से निकल गए। पूरी रात आरोपी गोदाम के अंदर ही मौजूद रहा।
रविवार सुबह जब गोदाम संचालक रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो उन्होंने अंदर एक युवक को सोते हुए देखा। पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद स्थानीय लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती जांच में उसके चोरी की घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर फरार साथियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए अभियान चला रही है।
सतना की यह चोरी इसलिए चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर चोर वारदात के बाद भाग जाते हैं, लेकिन यहां एक आरोपी चोरी के बाद इतनी गहरी नींद में सो गया कि सुबह सीधे पुलिस के कब्जे में पहुंच गया। अब पुलिस पूरे गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।
अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
