मैहर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन200 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे
1 min read
मैहर – मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत एवं नगर पालिका मैहर में आयोजित विवाह सम्मेलनों में कुल 200 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। जनपद पंचायत मैहर द्वारा आयोजित सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्र के 150 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर होने वाला विवाह जीवनभर के अटूट बंधन का प्रतीक होता है। उन्होंने दंपतियों को जीवन के हर सुख-दुख में साथ निभाने और खुशहाल जीवन जीने का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जनपद अध्यक्ष आकांक्षा लोधी, जिला पंचायत सदस्य जयंती तिवारी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, एसडीएम मैहर दिव्या पटेल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक तिवारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवयुगल को आशीर्वाद देते हुए शासन की ओर से निर्धारित अनुदान राशि भेंट की।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन नगर पालिका मैहर के तत्वावधान में देवी जी रोड स्थित पर्यटक सूचना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र के 50 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया। दोनों आयोजनों में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव उपस्थित रहे।


भरात विमर्श सतना मध्य प्रदेश
