October 17, 2026

पचमढ़ी में विकास के द्वार खुलेंगे सीएम डॉ मोहन यादव

1 min read
Spread the love

नर्मदापुरम – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश “विरासत भी और विकास”भी की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को गौरवान्वित करने वाले जननायक के अंचलों में कैबिनेट बैठकें और प्रमुख कार्यक्रम आयोजित कर विकास के संकल्प को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। गोंडवाना की रानी दुर्गावती, मालवा में महाराजा विक्रमादित्य, निमाड़ की रानी लोकमता अहिल्याबाई और अब जननायक राजा भभूत सिंह जी के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों और स्वर्णिम पक्षों को समाज के समक्ष जीवंत किया जा रहा हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को पचमढ़ी में होटल अमलतास में आयोजित पर्यटन विकास निगम के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पचमढ़ी में 33 करोड़ से अधिक के पर्यटन विकास के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि पचमढ़ी उद्यान अब राजा भभूत सिंह उद्यान के नाम से जाना जाएगा। इसी प्रकार पचमढ़ी शासकीय महाविद्यालय का नाम भी राजा भभूत सिंह महाविद्यालय होगा। उन्होंने पचमढ़ी में जनजातीय संग्रहालय बनाने और कोरकू समाज के पवित्र स्थल पर प्रतीक्षालय और टीनशेड बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि नर्मदापुरम में लॉजिस्टिक पार्क बनाने का निर्णय लिया गया हैं। ये पार्क क्षेत्र में विकास की नई सौगात लेकर आएगा।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, संस्कृति मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, कुटीर एवं ग्राम उद्योग राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा, सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, विधायक श्री विजयपाल सिंह, विधायक श्री ठाकरदास नागवंशी, साडा अध्यक्ष श्री कमल धूत, श्रीमती प्रीति शुक्ला , प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि पचमढ़ी अपने अप्रतिम नैसर्गिक सौंदर्य के लिए पूरे देश में जाना जाता है। यह अंचल अपने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ कई ऐतिहासिक तथ्यों को भी अपने में समाहित किए हुए हैं। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पचमढ़ी के विकास में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। पचमढ़ी के विकास के द्वारा खोले हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शौर्य और बलिदान के प्रतीक जननायक राजा भभूत सिंह जी के स्मृति में मध्यप्रदेश सरकार ने पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक करने का निर्णय लिया। जिसके माध्यम से उनके शौर्य और पराक्रम को समाज के सामने लाया जा रहा है। राजा भभूत सिंह व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने बिना भयभीत हुए पूरे पराक्रम से अंग्रेजों के साथ संघर्ष किया और देशभक्ति की उत्कृष्ट मिसाल पेश की। राजा भभूत सिंह हमारी स्मृति और संस्कृति में सदैव अमर रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजा भभूत सिंह के वंशजों के लिए भी गौरवशाली पल है।

जंगल सफारी के लिए ट्रेक्स क्रूज़र वाहनों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जंगल सफारी सुविधा के लिए 11 ट्रेक्स क्रूज़र वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
म.प्र. पर्यटन विभाग ने वाइल्ड लाइफ प्रेमियों और पर्यटकों को एक नई सौगात दी है। प्रदेश के विभिन्न राष्ट्रीय उद्यानों में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाते हुए विभाग ने जंगल सफारी के लिए नए आरामदायक ट्रेक्स क्रूज़र वाहन उपलब्ध कराए हैं।

पर्यटकों के भ्रमण को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से प्रथम चरण में कुल 11 ट्रेक्स क्रूज़र वाहन क्रय किए गए हैं। ये ट्रेक्स क्रूज़र वाहन डीजल चालित हैं और इनमें 9+1 सीटों की व्यवस्था है, जो कि परंपरागत जिप्सी वाहनों की तुलना में तीन सीट अधिक है। साथ ही, इनकी लंबाई भी अधिक है, जिससे सफर के दौरान पर्यटकों को ज्यादा जगह और आराम मिलता है। यह सभी वाहन पर्यटन निगम की विभिन्न इकाइयों में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे जंगल सफारी के अनुभव को और भी रोमांचक और आरामदायक बनाया जा सकेगा।

पंचमढ़ी में पिंक टॉयलेट लाउंज का लोकार्पण, महिलाओं को मिलेगा संचालन का जिम्मा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंचमढ़ी में पांडव गुफा और जटाशंकर में निर्मित पिंक टॉयलेट लाउंज का लोकार्पण किया। प्रत्येक पिंक टॉयलेट की लागत 20 लाख रुपये है, जिसे पूरी तरह से कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) फंड के माध्यम से वित्त पोषित किया गया है। टॉयलेट लाउंज में आधुनिक सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था और महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर विशेष प्रावधान किए गए हैं। इन टॉयलेट्स का संचालन स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को सौंपा गया है, जिससे न केवल उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
33.88 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 12.49 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किए गए पर्यटन विभाग के 5 कार्यों का लोकार्पण किया। जिनमें जटाशंकर एवं पांडव केव्स पर 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित पिंक टॉयलेट लाउंज, जयस्तंभ क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से मार्गों के दोनों ओर विकसित पाथवे, धूपगढ़ में 60 लाख रुपये की लागत से जलगली से जलप्रदाय पाइपलाइन और पंप हाउस, पचमढ़ी प्रवेश द्वार का 35 लाख रुपये का सौंदर्यीकरण, तथा सतपुड़ा रिट्रीट में 1.35 करोड़ रुपये की लागत से किए गए किचन, रेस्टोरेंट नवीनीकरण और स्विमिंग पूल निर्माण शामिल हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 21.39 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन कार्यों में हांडीखो में 1.98 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के विकास, सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में 2.13 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी सुविधाओं का विकास, पॉलिथिन मुक्त पचमढ़ी के लिए 34 लाख रुपये की लागत से आरओ जल प्रदाय प्लांट की स्थापना, हिलटॉप बंगले को 6.70 करोड़ रुपये की लागत से होम स्टे में बदलने का कार्य, योजना के अंतर्गत 9.90 करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर का विकास, तथा ग्लेन व्यू में 34 लाख रुपये की लागत से केंद्रीय नर्सरी की स्थापना शामिल हैं।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.