संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने किया सुंदरकांड पाठ एवं सद्बुद्धि यज्ञ,शासन से मांगों के शीघ्र निराकरण की प्रार्थना
1 min read
सतना – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के क्रम में आज सतना जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली की आराधना करते हुए सुंदरकांड पाठ एवं सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पूर्व में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को “हनुमान” की उपमा देते हुए उनकी निष्ठा, समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना की गई थी। इसी भावना को स्मरण करते हुए कर्मचारियों ने सुंदरकांड पाठ एवं सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन कर शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि प्राप्त हो तथा वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों का शीघ्र निराकरण हो, इसके लिए सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सुंदरकांड पाठ के उपरांत सद्बुद्धि यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से संविदा कर्मियों की समस्याओं के संवेदनशील एवं सकारात्मक समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति, अधिकारी या विभाग के विरुद्ध नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों, सम्मानजनक भविष्य एवं सेवा सुरक्षा की मांग के लिए किया जा रहा है। कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हजारों परिवारों को राहत प्रदान करेगी।
कर्मचारियों ने कहा कि जिस प्रकार भगवान हनुमान ने समर्पण, निष्ठा और सेवा का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत किया था, उसी प्रकार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी भी वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। कोविड महामारी सहित विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में संविदा कर्मचारियों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सांकेतिक एवं चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार से संवेदनशीलता के साथ उनकी मांगों पर विचार कर शीघ्र न्यायोचित निर्णय लेने की अपील की।
अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
